कोरबा : कोरबा जिले के पंप हाउस कॉलोनी में शनिवार को एक युवती की पेचकस से गोदकर हत्या कर दी गई थी, इस मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के अनुसार, युवती के गले, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में पेचकस जैसे नुकीले हथियार से 26 बार वार किए गए थे. मृत युवती की हत्या लव ट्रायंगल में उसकी बेवफाई से आहत प्रेमी शहबाद खान ने की थी.
परिजनों ने बताया कि नील कुसुम ने 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई मदनपुर स्कूल में की थी. इसके लिए वह हर दिन जिस बस से आना-जाना करती थी, आरोपी उसमें कंडक्टर था. दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी और प्रेम संबंध बन गए. स्कूल की पढ़ाई पूरी हाेने के बाद नील कुसुम घर पर रहते हुए आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रही थी.
इधर नील कुसुम ने अपने प्रेमी से धीरे-धीरे बातचीत कम कर दी. जब भी शहबाद युवती को कॉल लगाने की कोशिश करता, तो उसका मोबाइल अक्सर व्यस्त रहता था. इससे शहबाद को उस पर शक हो गया कि उसका किसी और युवक से भी प्रेम संबंध है.
शहबाद कुछ दिनों से गुजरात में काम कर रहा था, उसने सोच लिया था कि वो युवती की हत्या कर देगा. हत्या की पूरी तैयारी के साथ वह गुजरात से कोरबा पहुंचा था. यहां आकर उसने अपनी प्रेमिका से संपर्क किया और उसकी हत्या कर दी. आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की 4 टीमें जुटी हैं.
