सूने घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो चोर चढ़े पुलिस के हत्थे
राजनांदगांव- जिले के थाना घुमका पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों का पता लगाकर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया.
मामला 12 अप्रैल 2026 का है, जब प्रार्थीया इलाज के लिए राजनांदगांव गई हुई थी और घर सूना था. 15 अप्रैल को दोपहर घर लौटने पर उसने पाया कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर से गैस सिलेंडर, की-पैड मोबाइल, एक बोरी चावल और नगदी रकम गायब है. इस पर 16 अप्रैल को थाना घुमका में रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
रिपोर्ट पर थाना घुमका में अपराध क्रमांक 42/2026 धारा – 305(a), 331(4) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध दर्ज कर जांच शुरू की. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण और तकनीकी विश्लेषण किया. जांच के दौरान संदेही सुरेश मारकंडे (42 वर्ष, निवासी छोटे बिरेझर) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया. उसके बयान के आधार पर दूसरे आरोपी दिलेश्वर चतुर्वेदी (33 वर्ष, निवासी गाडाडीह, थाना बोरी, जिला दुर्ग) को भी गिरफ्तार किया गया.
आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद किया गया, जिसमें 22,000 नगद, एक गैस सिलेंडर, की-पैड मोबाइल और एक बोरी चावल शामिल है. साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (हीरो होंडा) को भी जब्त कर लिया गया.
