छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर NSUI ने विधानसभा अध्यक्ष के नाम सौंपा ज्ञापन
राजनांदगांव में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने आंदोलन तेज कर दिया है. शनिवार को जिला NSUI के नेतृत्व में कार्यकर्ता कैंप कार्यालय पहुंचे और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के नाम विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में NSUI पदाधिकारियों ने कहा कि विगत कई वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जाने के कारण विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है. छात्रसंघ चुनाव छात्रों की आवाज, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है लेकिन चुनाव नहीं होने से छात्रों की समस्याएं प्रशासन और शासन तक प्रभावी रूप से नहीं पहुंच पा रही हैं.
संगठन ने बताया कि पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न जिलों में ज्ञापन सौंपकर सरकार का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित किया जा रहा है. इसी कड़ी में राजनांदगांव में भी यह ज्ञापन सौंपा गया.
NSUI ने अपनी प्रमुख मांगों में सभी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव की तत्काल बहाली, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से समयबद्ध चुनाव, चुनाव कार्यक्रम की शीघ्र घोषणा, छात्र प्रतिनिधियों को अधिकार एवं मान्यता तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत छात्रसंघ प्रणाली को पुनः लागू करने की मांग शामिल है. NSUI नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए गए तो छात्र संगठन चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी.
इस दौरान प्रदेश महासचिव राजा यादव, जिला अध्यक्ष अमर झा सहित NSUI के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने एक स्वर में छात्रहितों की रक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली की मांग उठाई. NSUI जिला अध्यक्ष अमर झा ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल चुनाव नहीं, बल्कि छात्रों को नेतृत्व का अवसर देने और उनकी समस्याओं को मंच प्रदान करने की प्रक्रिया है. इसलिए सरकार को तुरंत निर्णय लेकर छात्रसंघ चुनाव बहाल करना चाहिए. इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा नेता योगेश खत्री, मनीष गोलछा, त्रिगुण टॉक थे.
