दर्दनाक सड़क दुर्घटना: तेज रफ्तार बुलेट ने मारी टक्कर, जसगीत गाने जा रही दो महिलाओं की मौत
कोरबा- जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां ठाकुर देवता स्थल पर जसगीत गाने जा रही महिलाओं की टोली को एक तेज रफ्तार बुलेट ने अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि अन्य महिलाएं और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना दर्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोपालपुर मुख्य मार्ग की है. शुक्रवार रात करीब 8 बजे महिलाओं की एक टोली मादर और ढोल के साथ पारंपरिक अंदाज में ठाकुर देवता स्थल पर जसगीत गाने के लिए पैदल जा रही थी. इसी दौरान गोपालपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बुलेट (CG 12 AR 8993) के चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे चल रही महिलाओं की टोली को जोरदार टक्कर मार दी. घटना में कुछ महिलाओं और बाइक चालक को गंभीर चोटें आईं. राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया.
मृतिकाओं की पहचान ब्रिंदा बाई मंहत और शकुंतला बाई मंहत के रूप में हुई है, जो आपस में रिश्तेदार बताई जा रही हैं. वहीं, दुर्घटना में घायल हुए बाइक चालक राहुल का इलाज अस्पताल में जारी है.
दर्री थाना पुलिस ने इस मामले में प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
