अंबिकापुर : अंबिकापुर के कोतवाली क्षेत्र में राहुल बनकर जबरन शादी की कोशिश करने वाले नूर आलम के खिलाफ पुलिस ने मानव तस्करी का मामला दर्ज किया है. युवती को नौकरी का झांसा देकर नूर ने बुलाया था, फिर राहुल बनकर शादी के एफिडेविट पर लड़की के जबरदस्ती हस्ताक्षर भी ले लिए. कहा था कि अकेली लड़की को कमरा नहीं मिलता है. इसका पता चलने पर लव जिहाद को लेकर कोर्ट परिसर में जमकर हंगामा हुआ और लोगों ने नूर आलम की पिटाई कर दी थी.
कोंडागांव से आई युवती ने पुलिस को बताया कि वह कुछ वर्ष पूर्व रायपुर स्थित दवा कंपनी में काम करती थी. उस दौरान उसकी पहचान शर्मीली नेताम नाम की युवती से हुई थी. बाद में युवती ने दवा कंपनी का काम छोड़ दिया था, लेकिन शर्मीली से बातचीत होती रही. शर्मीली ने गुजरात की एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दिलाने के नाम पर उसकी बातचीत अंबिकापुर के एक युवक से कराई. आरोपी युवक ने अपना परिचय राहुल के रूप में दिया था. उसकी बातों में आकर युवती शर्मीली के साथ अंबिकापुर पहुंच गई.
शादी करने बनवाया शपथ पत्र
युवती 14 जून को अंबिकापुर पहुंची तो आरोपी नूर ने कहा कि, गुजरात में अकेली लड़की को रूम नहीं मिलेगा, इसलिए वह शपथ पत्र देकर उससे शादी कर ले. इस पर युवती ने इनकार कर दिया. आरोप है कि नूर और शर्मीली ने उससे दबावपूर्वक शपथ पत्र में हस्ताक्षर करा लिया. प्रार्थिया को झांसे एवं षड़यंत्र होने का अंदेशा होने पर उसने अधिवक्ताओं व अन्य लोगों को इस संबंध में बताया. युवक के मुस्लिम होने की जानकारी मिलने पर हिंदुवादी संगठनों के लोग जिला न्यायालय पहुंच गए और उसकी पिटाई कर दी. पिटाई के बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया था.
पुलिस मामले को ह्यूमन ट्रैफिकिंग ही मानकर चल रही है. वहीं सरगुजा एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि प्रार्थिया के बयान व रिपोर्ट पर पुलिस ने शर्मीली नेताम निवासी फरसगांव, जिला कोंडागांव और नूर आलम उर्फ़ राहुल निवासी चुमरा, जिला बलरामपुर रामानुजगंज के खिलाफ धारा 370, 417, 120, 34 का अपराध पंजीबद्ध कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.
