800 मोडिफाइड साइलेंसरों पर चलाया रोड रोलर, बुलेट चालकों को चेतावनी
अंबिकापुर- सरगुजा पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और वाहन से तेज आवाज निकालकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है. इसी कड़ी में सरगुजा पुलिस ने विशेष अभियान के तहत जब्त किए गए 800 अवैध मोडिफाइड साइलेंसरों को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में रोड रोलर चलवाकर पूरी तरह से नष्ट कर दिया है.
पुलिस के अनुसार बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों में मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस और थानों द्वारा पिछले कुछ महीनों में अभियान चलाकर इन साइलेंसरों को जब्त किया गया था.
पुलिस ने बताया कि कंपनी फिटेड साइलेंसर में बदलाव मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है, जिस पर भारी जुर्माना और कोर्ट में प्रकरण पेश करने की कार्रवाई की जाती है.
साथ ही जिले के सभी ऑटो पार्ट्स संचालकों, मैकेनिक और गैरेज स्वामियों को सख्त हिदायत दी गई है कि अवैध साइलेंसर बेचते या लगाते पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई होगी. सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित मानकों के अनुरूप ही साइलेंसर रखें और यातायात नियमों का पालन करें.
