अवैध धान भंडारण और पुराने धान की बिक्री पर प्रशासन का शिकंजा, 146 क्विंटल से अधिक धान जब्त
रायपुर- छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध धान भंडारण तथा पुराने धान की बिक्री के विरुद्ध सख्ती तेज कर दी है. रायगढ़ जिले में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में लगातार जांच और निगरानी की जा रही है. इसी कड़ी में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 146 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया है. प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध भंडारण करने वालों और समर्थन मूल्य पर पुराने धान की खपत करने की कोशिश करने वालों को स्पष्ट संदेश गया है कि धान खरीदी में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
मिली जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने तमनार विकासखंड के ग्राम कसडोल में युधिष्ठिर साहू के दुकान सह गोदाम की जांच की. जांच के दौरान यहां अवैध रूप से भंडारित 350 बोरी धान मिला, जिसका कुल वजन 140 क्विंटल है. टीम ने मंडी अधिनियम के तहत धान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की.

इसी तरह सेवा सहकारी समिति लिप्ती में धान बिक्री के लिए लाए गए किसान जितेन्द्र खुंटिया, निवासी ग्राम गोलाबुड़ा के धान की भी जांच की गई. किसान द्वारा कुल 113 बोरी धान बिक्री के लिए लाया गया था. जांच में इनमें से 17 बोरी धान ग्रीष्मकालीन यानी पुराने धान का पाया गया. निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं होने के कारण इस धान को खरीदी के लिए स्वीकार नहीं किया गया. समिति प्रबंधक, फड़ प्रभारी और उपस्थित किसानों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया. इसके बाद उप संचालक कृषि द्वारा 17 बोरी धान जब्त कर उसे सेवा सहकारी समिति लिप्ती में सुरक्षित रखवाया गया.
2528 क्विंटल धान की जब्ती, लगातार जारी है निगरानी
जिले में अवैध धान भंडारण और खरीदी में अनियमितताओं के विरुद्ध प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. अब तक अलग-अलग प्रकरणों में कुल 2528 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है. इन मामलों में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.
प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों से लेकर भंडारण स्थलों तक सतत निगरानी रखी जा रही है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समर्थन मूल्य पर केवल पात्र किसानों का निर्धारित मापदंडों के अनुरूप धान ही खरीदा जाए तथा अवैध भंडारण, पुराने धान की बिक्री और अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगे. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता और किसानों के हितों की रक्षा के लिए जांच एवं कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा.
