सोने-चांदी के गहने जब्त
राजनांदगांव- जिले में परिचित होने का फायदा उठाकर घर से 2 लाख 20 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में थाना सिटी कोतवाली और साइबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त पुलिस टीम ने एक युवती को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के जेवरात बरामद कर जब्त कर लिए हैं और उसे न्यायिक रिमांड पर महिला जेल दुर्ग भेज दिया है.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को प्रार्थिया द्वारा थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 18 अक्टूबर 2026 को सुबह लगभग 10 बजे उसके मकान लखोली बैगापारा, राजनांदगांव स्थित घर की अलमारी में रखे पुरानी इस्तेमाली चांदी की पायल, चांदी का राजाबाड़ा पायल, सोने का लॉकेट, सोने के तीन जोड़ी टॉप्स एवं अन्य सोने-चांदी के जेवरात, कुल कीमत लगभग 2,20,000 रुपये को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है. प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 681/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर (रा.पु.से.) एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी प्रारंभ की गई.
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर मुखबिरों के माध्यम से लगातार जानकारी जुटाई गई.जांच में सामने आया कि आरोपी श्रेया रानी भीमगंज, उम्र 21 वर्ष, अपनी छोटी बहन की सहेली के घर अक्सर आना-जाना करती थी. घटना दिनांक को भी वह अपनी छोटी बहन के साथ उसकी सहेली के घर गई थी. वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से अपनी छोटी बहन एवं उसकी सहेली को कुछ सामान लाने के बहाने अपनी स्कूटी देकर पुराने बस स्टैंड भेज दिया. दोनों के घर से बाहर जाने के बाद आरोपी ने घर में रखी अलमारी को निशाना बनाया और उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए. इस प्रकार आरोपी ने परिचित होने का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर श्रेया रानी भीमगंज पिता स्व. विद्याभूषण, उम्र 21 वर्ष, निवासी शंकरपुर शिवानंद चौक, ओपी चिखली, थाना कोतवाली, जिला राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी की घटना स्वीकार की गई. आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, कीमती लगभग 2,20,000 रुपये बरामद कर जप्त किए गए.
आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे महिला जेल दुर्ग भेजा गया.
