ट्रक पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने की धमकी, पेनल्टी कम करने और मुकदमे से राहत दिलाने मांगी थी रिश्वत
छत्तीसगढ़ प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए GST विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में उनके सहयोगी इमरान को भी गिरफ्तार किया गया है.दोनों की गिरफ्तारी कांकेर निवासी कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज की शिकायत पर की गई.मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 9:30 बजे माकड़ी में ई-वे बिल जांच अभियान के दौरान शोएब रंगरेज का स्क्रैप से लदा वाहन रोका गया था.कारोबारी का दावा था कि वाहन में करीब 3 से 3.5 लाख रुपये का माल था और चालक के पास आवश्यक दस्तावेज भी मौजूद थे.इसके बावजूद GST अधिकारी अंचला गिरी ने कार्रवाई की चेतावनी देते हुए करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने की बात कही.
आरोप है कि जुर्माने से राहत देने और अभियोजन की कार्रवाई से बचाने के एवज में अधिकारी ने पहले 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी. बाद में बातचीत के बाद 1.50 लाख रुपये रिश्वत और 50 हजार रुपये जुर्माने पर सहमति बनी। अधिकारी ने कारोबारी को एक-दो दिन के भीतर रकम देने के लिए कहा.
कारोबारी ने ACB से की शिकायत, बिछाया गया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान कारोबारी ने जगदलपुर ACB में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB की टीम ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया.तय योजना के मुताबिक जैसे ही कारोबारी ने अधिकारी के घर पर 1.50 लाख रुपये की रिश्वत की रकम पहुंचाई, ACB की टीम ने दबिश देकर अंचला गिरी को रंगे हाथ पकड़ लिया.मौके से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद की गई.
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
ACB के DSP रमेश मरकाम ने बताया कि शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई और आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है.अंचला गिरी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 तथा उनके सहयोगी इमरान के खिलाफ धारा 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है.GST विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी करदाताओं के रिटर्न, खातों और दस्तावेजों की जांच कर सही कर निर्धारण सुनिश्चित करना है.ऐसे में जुर्माने में राहत और कार्रवाई से बचाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप ने विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
