10 लाख की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और वाहन सहित संपत्ति बरामद
पाटन घर के आसपास रहने वालों पर भरोसा करना एक परिवार को भारी पड़ गया.जिस पड़ोसन का घर में नियमित आना-जाना था, उसी ने अपने परिचितों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया.मामला दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र की दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी का है.यहां एक घर की पुरानी पेटी का ताला और कुंदा तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पार कर दी गई थी.पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पड़ोस में रहने वाली महिला, उसके पति और एक अन्य साथी को गिरफ्तार किया है.
ब्याज में कमाई के लालच में रची चोरी की साजिश
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 को कल्याणी देवांगन (46 वर्ष) ने थाना पाटन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में रखी पुरानी पेटी का ताला और कुंदा टूटा हुआ है। पेटी में रखे उनके, उनकी बहन और माता के पुराने सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी रकम गायब थी.
मामले में अपराध क्रमांक 379/2026 के तहत धारा 305(क), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. पूछताछ और संदेह के आधार पर पुलिस ने घर में नियमित रूप से आने-जाने वाली पड़ोसन ज्योतिका सिंह से पूछताछ की.पूछताछ में उसने अपने परिचित लव कुमार साहू के कहने पर ब्याज में पैसा कमाने के उद्देश्य से चोरी करना स्वीकार किया.
जेवर बेचकर रकम बांटी, पति भी निकला शामिल
पुलिस के अनुसार, ज्योतिका ने चोरी के कुछ जेवर ज्वेलर्स दुकान में बेचकर नगदी प्राप्त की थी। चोरी की रकम और जेवरात अपने पति मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया तथा परिचित लव कुमार साहू को देना बताया.इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन तथा दोपहिया वाहन बरामद किए.
ACCU और थाना पाटन की संयुक्त टीम ने मामले का खुलासा किया.
तीनों आरोपी गिरफ्तार
1. ज्योतिका सिंह (24 वर्ष), निवासी ग्राम गोडपेण्ड्री, थाना उतई, वर्तमान पता पाटन.
2. मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया (25 वर्ष), निवासी ग्राम गोडपेण्ड्री, थाना उतई, वर्तमान पता पाटन.
3. लव कुमार साहू (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03, दाउबाड़ा, नंदिनी-अहिवारा.
वाहन, मोबाइल और जेवरात बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक्टिवा, मोटरसाइकिल, वनप्लस और रेडमी मोबाइल, सोने के झुमके, ईयरिंग, टॉप्स, चांदी की चेन, ब्रेसलेट, लॉकेट और नगदी रकम बरामद की है.
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, ज्योतिका से 2,95,600 रुपये, मयूर उर्फ आकाश से 89,500 रुपये और लव कुमार साहू से 67,260 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है.तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया.
