मोबाइल नंबर ब्लॉक करने और 2,000 न देने पर जानलेवा हमला, दो गिरफ्तार
बालोद- मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने और 2,000 की मांग पूरी नहीं होने से नाराज होकर दोस्त के साथ मिलकर जानलेवा हमला करने वाले दोनों आरोपियों को थाना गुण्डरदेही पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार सेविंग ब्लेड और मोटरसाइकिल भी जब्त की है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:30 बजे ग्राम सांकरी में यह घटना हुई. आरोपी अमित सिंह राजपूत उर्फ छोटा द्वारा मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने एवं 2,000 की मांग पूरी नहीं किए जाने से नाराज होकर अपने साथी लव कौशिक उर्फ लक्की के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की योजना बनाई गई. दोनों आरोपी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 LL 4191 से ग्राम सांकरी पहुंचे. वहां 2,000 की मांग करने पर पैसे नहीं देने से नाराज होकर आरोपी अमित राजपूत के द्वारा गीतांजलि ठाकुर के साथ मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा अपने पास छिपाकर रखे धारदार ब्लेड से जान से मारने की नीयत से प्राणघातक हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई. और अपने दोस्त के साथ पूर्व सुनियोजित योजना के तहत भाग गए.
प्रार्थी भेषकरण पिता मानसिंह, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम सांकरी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद की रिपोर्ट पर थाना गुण्डरदेही में अपराध क्रमांक 420/2026, धारा 119(2), 109, 296, 61(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गुण्डरदेही पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. विवेचना के दौरान आरोपी अमित सिंह राजपूत उर्फ छोटा के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार सेविंग ब्लेड तथा आरोपी लव कौशिक उर्फ लक्की के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 LL 4191 को विधिवत जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया.
