वाहनों की पहचान छिपाने के लिए निकाल देते थे नंबर प्लेट
रायपुर- शहर में घूम-घूमकर दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की मॉनिटरिंग और एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की विशेष टीम की सतर्कता से इस शातिर गिरोह के 04 वयस्क आरोपियों और 3 विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल 07 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
आरक्षियों के कब्जे से 7 बुलेट समेत कुल 13 चोरी के वाहन और वारदातों में प्रयुक्त 3 अन्य वाहन (एथर, आई-क्यूब और बर्गमेन) सहित कुल 16 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं. जप्त किए गए कुल मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 18,50,000/- रुपये है.
नंबर प्लेट हटाकर और धक्का देकर देते थे वारदात को अंजाम
17 नवंबर 2026 को विशेष टीम द्वारा थाना डी.डी.नगर क्षेत्र में पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान बुलेट वाहन में सवार एक व्यक्ति पुलिस टीम को दिखाई दिया, जिसके वाहन में पीछे की नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी. संदेह के आधार पर टीम द्वारा वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें वाहन के सामने नंबर प्लेट लगी होना पाया गया. पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम दीप छाबड़िया, निवासी कोटा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर बताया.
टीम द्वारा वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु कहे जाने पर वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका तथा लगातार गुमराह करने का प्रयास करता रहा. संदेह के आधार पर उससे गहनता एवं सूक्ष्मता से पूछताछ करने पर उसने उक्त बुलेट वाहन चोरी का होना स्वीकार किया. साथ ही बताया कि उसने अपने साथी रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस, शुभम पटले एवं कृष्ण कुमार सिंह सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र से उक्त वाहन चोरी किया था.
जिस पर पुलिस टीम द्वारा प्रकरण में संलिप्त रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस, शुभम पटले, कृष्ण कुमार सिंह एवं विधि से संघर्षरत 03 बालकों को भी पकड़ा गया. सभी से वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ करने पर उन्होंने रायपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में घूम-घूमकर कुल 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया.
चोरी किए गए सभी 13 दोपहिया वाहनों के संबंध में थाना डी.डी.नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती एवं टिकरापारा में धारा 303(2), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध हैं. प्रकरणों में आरोपियों द्वारा संगठित रूप से गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम दिए जाने के तथ्य सामने आने पर संगठित अपराध से संबंधित धारा 112 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है.
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एवं अपचारी संगठित गिरोह बनाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूमते थे तथा विशेष रूप से बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों को अपना निशाना बनाते थे. गिरोह के सदस्य वाहनों का लॉक तोड़कर उन्हें चोरी करते थे. चोरी के दौरान एक सदस्य चोरी किए गए वाहन को चलाता था, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य अपने साथ लाए गए दोपहिया वाहन से पीछे से पैर लगाकर धक्का देते हुए चोरी के वाहन को ले जाते थे. वाहनों की पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपी वाहनों की नंबर प्लेट निकाल देते थे अथवा बदल देते थे. इसके अतिरिक्त वाहनों पर लगे पहचान संबंधी निशानों को मिटा देते थे या संबंधित पार्ट्स बदल देते थे, ताकि चोरी के वाहनों की पहचान करना मुश्किल हो सके.
गिरफ्तार आरोपियों एवं अपचारियों से वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है. साथ ही गिरोह में संलिप्त अन्य संभावित सदस्यों की पहचान कर उनकी भूमिका एवं संलिप्तता के संबंध में भी जानकारी एकत्रित की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी
1. दीप छाबडिया पिता जगदीश छाबडिया उम्र 21 साल निवासी कल्पतरू कालोनी कोटा रोड़ ब्लॉक नंबर ए मकान नंबर 404 थाना सरस्वती नगर रायपुर.
2. रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस पिता सुरेश चंद्रवंशी उम्र 18 साल निवासी शांति विहार कालोनी डंगनिया थाना डी. डी. नगर रायपुर.
3. शुभम पटले पिता मुकेश पटले उम्र 22 साल निवासी किराए का मकान रायपुरा थाना डी. डी. नगर रायपुर.
4. कृष्ण कुमार सिंह पिता कामदेव सिंह उम्र 21 साल निवासी जे डी काम्पलेक्स के पीछे थाना कबीर नगर रायपुर.
5. विधि के साथ संघर्षरत 03 बालक.
