आधुनिक खेती और पशुपालन से संवारे अपना भविष्य
हमारे पूर्वजों ने पेट काटकर और भविष्य की चिंता करते हुए जमीनें सहेजी थीं, ताकि आने वाली पीढ़ियां सुरक्षित रह सकें. आज के भौतिकवादी दौर में महज दिखावे के लिए पुरखौती जमीनें बेचना बर्बादी का रास्ता है.” यह विचार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष अनिमेष कश्यप ने व्यक्त किया.
उन्होंने किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपनी जमीनों को बेचने के बजाय उन्हें सहजें और बैंक की योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाएं. उन्होंने कहा कि यदि खेती में नुकसान हो रहा है, तो जमीन बेचने की ज़रूरत नहीं है, बल्कि कृषि के साथ-साथ पशु-पक्षी पालन जैसे सहायक व्यवसायों को अपनाने की आवश्यकता है. उनके अनुसार बैंक किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जीरो प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण, ट्रैक्टर-हार्वेस्टर के लिए आसान लोन और महिला स्व-सहायता समूहों को मत्स्य व बकरी पालन के लिए बेहद कम ब्याज पर आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रहा है.
जिन पूर्वजों ने अपना पेट काटकर, पैसे बचाकर जमीन खरीदे हैं. उन्होंने उस समय यह सोचा होगा कि उनकी भावी पीढ़ी अपना गुजर-बसर इसी जमीन से पूरा करेगें, लेकिन आज के भौतिकवादी युग में लोग दिखावे के लिए अपनी पुरखौती जमीनों को बेच रहे हैं. यह कहना है जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष अनिमेष कश्यप का. श्री कश्यप ने कहा कि वे जिस भी कार्यक्रम में शामिल होते हैं, वहां लोगों से कहते हैं कि वे अपनी जमीने न बेचें, बल्कि उसे बचाएं.
पहले हमारे पूर्वज किसी से न उधारी पैसा लेते थे और न ही जमीन के एवज में लोन लेते थे. घर में जो रहता था उसी में संतुष्ट रहते थे. क्योंकि उन्हें भविष्य की चिंता थी. जो व्यक्ति कर्ज में डूबा रहता है उसके चेहरे की चमक फीकी रहती है. आने वाले समय में जो जमीन बेचकर अपनी जरुरतों की पूर्ति करेगा वह बर्बाद होगा और जो जमीन को सुरक्षित रखेगा वही संपन्न व्यक्ति कहलाएगा.
श्री कश्यप ने बताया कि यदि किसी किसान का फसल को नुकसान हो रहा है, तो उसे कृषि के दूसरे स्वरूप जैसे पशु-पक्षी के पालन की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए. इसके लिए हमारी बैंक बहुत कम ब्याज दर पर लोन देती है. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक किसानों को फसल उगाने के लिए वर्तमान में 70 फीसदी नकदी और 30 फीसदी वस्तु जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर लोन देती है. वर्तमान में महिला स्वसहायता समूह को मुर्गी, मछली, बकरी पालन करने व फूलों की खेती करने के लिए बहुत ही कम ब्याज दर पर आर्थिक मदद की जा रही है.
