रिसाली रिसाली नगर निगम में महापौर एवं पार्षद पद के अभ्यर्थियों के नामांकन की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं.महापौर पद के अभ्यर्थी रिटर्निंग अधिकारी एवं अपर कलेक्टर खेमलाल वर्मा के समक्ष अपना नामांकन जमा करेंगे.वहीं, पार्षद पद के लिए वार्डवार नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराने तीन सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है.
नगर निगम के 40 वार्डों को तीन हिस्सों में विभाजित कर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है.इसके तहत वार्ड क्रमांक 1 से 13 तक के लिए अब्दुल वसीम सिद्दिकी, अतिरिक्त तहसीलदार पाटन को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है.
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 14 से 26 तक के लिए वसुमित्र दीवान, नायब तहसीलदार दुर्ग को जिम्मेदारी दी गई है.जबकि वार्ड क्रमांक 27 से 40 तक के लिए रमाकांत पटेल, नायब तहसीलदार बोरी सहायक रिटर्निंग अधिकारी के रूप में नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराएंगे.
निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अधिकारियों को वार्डवार जिम्मेदारी सौंप दी गई है.अब महापौर एवं पार्षद पद के दावेदार निर्धारित निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत करेंगे.
