प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री, फिर भी जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में आदिवासी समाज से किसी को मुख्य अतिथि नहीं बनाना आखिर कैसी गौरव की परिकल्पना?
छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव, आदिवासी अस्मिता और उनके अधिकारों की बात बड़े-बड़े मंचों से की जाती है। लेकिन जब आदिवासी समाज के सम्मान के नाम पर कार्यक्रम आयोजित होता है, तब उसी समाज को मंच पर सर्वोच्च सम्मान देने के मामले में अनदेखी क्यों?
16 नवंबर 2026 को भिलाई के महात्मा गांधी कला मंदिर, ऑडिटोरियम सिविक सेंटर में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के आमंत्रण पत्र ने एक नई बहस को जन्म दे दिया है.कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में मुख्य अतिथि का नाम प्रमुखता से दर्ज है. वहीं अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों की सूची में कई राजनीतिक और जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल हैं.लेकिन सवाल यह है कि आदिवासियों के गौरव के नाम पर आयोजित इस कार्यक्रम में आदिवासी समाज के किसी प्रतिनिधि को मुख्य अतिथि के रूप में स्थान क्यों नहीं दिया गया?
क्या आदिवासी समाज केवल भीड़ जुटाने, नृत्य-संगीत प्रस्तुत करने और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने तक सीमित रह गया है? क्या आदिवासी समाज के गौरव का निर्णय भी अब गैर-आदिवासी नेतृत्व ही करेगा?
जब कार्यक्रम आदिवासियों के गौरव का है, तो सर्वोच्च सम्मान भी आदिवासी समाज के किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति को क्यों नहीं?
प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री होने के बावजूद यदि आदिवासी समाज को उसके अपने गौरव दिवस के मंच पर ही उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिलता, तो यह व्यवस्था की सोच पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
आदिवासी समाज किसी की कृपा या दया का मोहताज नहीं है. वह अपने इतिहास, संस्कृति, जल-जंगल-जमीन और संघर्षों के दम पर अपनी पहचान रखता है.अब आयोजकों और जिला प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि यह आयोजन वास्तव में आदिवासी समाज के सम्मान के लिए है या फिर केवल औपचारिकता निभाने के लिए?
चंद्रभान सिंह ठाकुर
आदिवासी विकास परिषद जिलाध्यक्ष
