3.37 करोड़ की साइबर ठगी से जुड़े दो म्यूल बैंक खाताधारक गिरफ्तार, देश के 11 राज्यों से जुड़ा कनेक्शन
कांकेर- कांकेर पुलिस ने साइबर ठगी की रकम को खपाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ‘म्यूल बैंक खातों’ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो खाताधारकों को गिरफ्तार किया है. इन खातों का कनेक्शन देश के 11 अलग-अलग स्थानों में दर्ज लगभग 3 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपये की साइबर ठगी की शिकायतों से पाया गया है.
बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों का हो रहा था इस्तेमाल
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (भापुसे) के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है. जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपियों द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और फिर उसे आगे अन्य खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था.
लेयर-01 म्यूल अकाउंट के रूप में हुई पहचान
तकनीकी जांच में पुलिस ने पाया कि ये दोनों खाते ‘लेयर-01 म्यूल बैंक खाते’ के रूप में सक्रिय थे, यानी ठगी की रकम सबसे पहले इन्हीं खातों में आती थी. देश के 11 स्थानों से संबंधित साइबर शिकायतों में इन दोनों खातों का सीधा लिंक मिलने के बाद पुलिस ने खातों में मौजूद 67,850 की राशि को होल्ड कराया है.
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, आरोपी भेजे गए जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल कांकेर और थाना भानुप्रतापपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों खाताधारकों को धर दबोचा. पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 318(3) एवं 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है. दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है.
कांकेर पुलिस की आम नागरिकों से अपील
अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं. कमीशन या लालच में अपना बैंक खाता किसी को उपयोग करने के लिए देना आपको भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में ला सकता है.
