पिता को जेल भेजने का 6 साल पुराना बदला लेने के लिए युवक ने फूंकी डेढ़ लाख की बुलेट, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर- राजधानी के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने पिता को जेल भिजवाने की 6 साल पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए पड़ोसी की बुलेट मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया. देवेंद्र नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, त्रिमूर्ति नगर निवासी प्रार्थी हिमेश सोनी (पिता संजय सोनी) ने थाना देवेंद्र नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. प्रार्थी ने बताया कि 13 नवंबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे उनकी रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 (क्रमांक CG 04 QP 0157), जिसकी कीमत लगभग 1,50,000 रुपये है, त्रिमूर्ति नगर में नानूक दीप के घर के सामने खड़ी थी. इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने रंजिशवश बाइक में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए देवेंद्र नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 181/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(f) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने प्रार्थी और संदिग्धों से गहन पूछताछ शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने त्रिमूर्ति नगर निवासी संदिग्ध सुशील सोनी (27 वर्ष) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
2020 की रंजिश बनी वजह
पूछताछ में आरोपी सुशील सोनी ने बताया कि वर्ष 2020 में प्रार्थी हिमेश सोनी की वजह से उसके पिता को जेल जाना पड़ा था. इसी बात को लेकर वह पिछले छह सालों से प्रार्थी से नाराज चल रहा था और बदला लेने की फिराक में था. इसी रंजिश के चलते उसने रात के अंधेरे में मौका पाकर प्रार्थी की बुलेट में आग लगा दी.
गिरफ्तार आरोपी
सुशील सोनी पिता धनमत सोनी उम्र 27 वर्ष निवासी आत्मानंद स्कूल के पास त्रिमूती नगर थाना देवेन्द्र नगर, जिला रायपुर
