धान तस्करों पर पहरा, सूखत घोटालेबाजों पर मेहरबानी क्यों? कांग्रेस ने सरकार को घेरा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है.प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रूपेश दुबे ने आरोप लगाया कि एक ओर कलेक्टर रातभर जागकर अवैध धान परिवहन पर नजर रख रहे हैं.वहीं दूसरी ओर धान खरीदी के बाद सूखत के नाम पर हुए कथित 49 करोड़ 71 लाख 16 हजार रुपये के फर्जीवाड़े के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं.रूपेश दुबे ने आरोप लगाया कि ये जिले छत्तीसगढ़ में धान के प्रवेश के प्रमुख मार्ग हैं.जहां अवैध धान परिवहन के साथ सूखत के नाम पर फर्जीवाड़ा किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं. उन्होंने कहा कि मामले में जांच और कार्रवाई नहीं होने से धान तस्करों, गबनकर्ताओं और उन्हें संरक्षण देने वालों के हौसले बढ़ रहे हैं.
उन्होंने सरकार से सूखत के कथित फर्जीवाड़े की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की.
कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि जब अवैध धान परिवहन रोकने के लिए प्रशासन रातभर निगरानी कर सकता है. तो करोड़ों रुपये के कथित सूखत घोटाले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने में सरकार पीछे क्यों हट रही है?
