पटवारियों की दंडात्मक कार्रवाई निरस्त करने, DA-DR एरियर्स भुगतान और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को लेकर फेडरेशन ने बुलंद की आवाज
दुर्ग। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय आह्वान पर 18 नवंबर को दुर्ग में विशाल आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में कर्मचारी, अधिकारी, पेंशनर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए. कर्मचारियों के हुजूम से मालवीय चौक पर चक्का जाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई, जिससे यातायात प्रभावित रहा.
रैली के दौरान आंदोलनरत पटवारियों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई एवं ब्रेक-इन-सर्विस आदेश तत्काल निरस्त करने, केंद्र के समान महंगाई भत्ता (DA) एवं महंगाई राहत (DR) देने और लंबित एरियर्स का भुगतान करने की मांग जोरदार तरीके से उठाई गई.
फेडरेशन ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की मांगों का भी समर्थन करते हुए शासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की. पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि कर्मचारियों की मांगों की लगातार अनदेखी हुई तो आंदोलन और व्यापक व निर्णायक रूप ले सकता है.
फेडरेशन ने शासन से मांग की कि
1. राजस्व पटवारी संघ के आंदोलन का सम्मानजनक निराकरण किया जाए.
2. पटवारियों के विरुद्ध की गई समस्त दंडात्मक कार्रवाई एवं ब्रेक-इन-सर्विस आदेश तत्काल प्रभाव से निःशर्त निरस्त किए जाएं.
3. शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान प्रभावशील तिथि से महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत स्वीकृत की जाए.
4. लंबित महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत एरियर्स का तत्काल भुगतान किया जाए.
5. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की विभिन्न जायज मांगों का शीघ्र निराकरण किया जाए.
प्रमुख रूप से राजेश चटर्जी, संभागीय संयोजक विजय लहरे, जिला संयोजक अनुरूप साहू, महासचिव भानु प्रताप यादव, मीडिया प्रभारी कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन एवं जिलाध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ-दुर्ग संजय शर्मा, दुर्ग संभाग नगरीय निकाय कर्मचारी समन्वयक श्रवण ठाकुर, प्रांताध्यक्ष नगरीय निकाय पेंशनर संघ मोतीराम खिलाड़ी, जिला अध्यक्ष लघु वेतन कर्मचारी संघ शिवदयाल घृतलहरे, जिला सचिव; प्रभा कुठारे, छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ प्रमोद श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष राजस्व पटवारी संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.राजस्व पटवारी संघ की ओर से राजेश बंजारी, देवराम साहू, चंद्रमोहन साहू, रणजीत मिश्रा, शिल्पा यादव, पुष्पलता साहू, दीप्ति देशमुख, बरखा सहित बड़ी संख्या में पटवारी एवं कर्मचारी रैली में शामिल हुए. मीडिया प्रभारी भानु प्रताप यादव उपस्थित रहें.
