पान ठेले के पास शराब पिलाने के आरोप को लेकर हुआ था विवाद, डंडे और हाथ-मुक्कों से की गई थी मारपीट; पुलिस ने आरोपियों को भेजा जेल
दुर्ग/नेवई, 19 नवंबर। दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने एक व्यक्ति की जिंदगी छीन ली. पड़ोसियों के साथ हुए विवाद और कथित मारपीट से आहत 54 वर्षीय श्रवण मंडावी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली.मामले में नेवई पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 4 नवंबर 2026 की रात करीब 10:40 बजे नेवई बस्ती स्थित शिव मंदिर के पास एक पान ठेले के समीप हुई थी.वार्ड क्रमांक 34, दशहरा मैदान नेवई निवासी श्रवण मंडावी का पड़ोसियों से इस बात को लेकर विवाद हुआ कि पान ठेले के पास ग्राहकों को शराब पिलाई जा रही है.
आरोप है कि इसी बात को लेकर पांच लोगों ने एकजुट होकर श्रवण मंडावी के साथ डंडे, चप्पल और हाथ-मुक्कों से मारपीट की.इस घटना के बाद श्रवण मंडावी मानसिक रूप से व्यथित और आहत हो गए.उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया.परिजन उन्हें तत्काल शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस जांच में सामने आए अहम तथ्य
घटना के बाद नेवई पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया.मृतक के शरीर पर बाहरी चोटों के निशान मिले तथा विसरा सुरक्षित रखा गया. पुलिस ने मृतक की पत्नी, परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर जांच की.जांच में पूर्व विवाद की जानकारी भी सामने आई.उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराध क्रमांक 785/2026 के तहत धारा 108, 191(2) एवं 115(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया.
पांच आरोपी गिरफ्तार, केंद्रीय जेल दुर्ग भेजे गए
19 नवंबर को नेवई पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया.गिरफ्तार आरोपियों में आलोक कुमार हुई (52), सपना हुई (42), पायल (35), शैलेन्द्री यादव (32) और सरोज बाई यादव (45) शामिल हैं.सभी नेवई क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं.
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे भी जब्त किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक कार्रवाई के बाद केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया.
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, सउनि निगम पात्रे, प्रधान आरक्षक नंदलाल सिंह, विजय सिंह तथा आरक्षक प्यारे लाल, विजय कुर्रे और देवप्रकाश वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
छोटी-सी बात पर हिंसा, और उसका अंजाम एक परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द! यह घटना समाज के सामने कई गंभीर सवाल खड़े करती है. आखिर मामूली विवादों को बातचीत से सुलझाने के बजाय हिंसा का रास्ता क्यों चुना जा रहा है? किसी विवाद का समाधान मारपीट नहीं, बल्कि कानून और आपसी समझदारी है.
