5 से 15 हजार रुपये लेकर साइबर अपराधियों को सौंपे बैंक खाते, पासबुक, एटीएम और सिम कार्ड; जिले में अब तक 349 खाताधारक व एजेंट गिरफ्तार
भिलाई. चंद हजार रुपये के कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को सौंपना 9 लोगों को भारी पड़ गया. दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 खाताधारकों पर वैधानिक कार्रवाई की है. थाना भिलाई नगर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने महज 5 हजार से 15 हजार रुपये के कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड दूसरे लोगों को उपलब्ध कराए थे. इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और निकालने के लिए किया जा रहा था.इस पूरे खेल के जरिए ठगी की रकम के वास्तविक स्रोत को छिपाने की कोशिश की जा रही थी.
एजेंटों के जरिए साइबर अपराधियों तक पहुंचते थे खाते
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने या अन्य व्यक्तियों के बैंक खाते एजेंटों के माध्यम से साइबर अपराधियों तक पहुंचाते थे. इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन दिया जाता था. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर पंजाब एंड सिंध बैंक एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े 9 खाताधारकों की पहचान की.थाना भिलाई नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 522/2026 एवं 523/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) में 20 नवंबर 2026 को कार्रवाई की गई. संबंधित दस्तावेज एवं अन्य सामग्री जब्त कर आगे की विवेचना की जा रही है.
दुर्ग जिले में म्यूल खातों पर पुलिस का बड़ा अभियान
साइबर अपराधियों के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस लगातार अभियान चला रही है। जिले में अब तक कुल 3,322 बैंक खातों की जांच की जा चुकी है. इनमें से 3,162 खातों पर कार्रवाई की गई है.पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक 1,668 खातों के संबंध में अपराध पंजीबद्ध किया गया, 618 खातों को जांच के बाद नस्तीबद्ध किया गया, जबकि 876 खातों पर कार्रवाई शेष है.
इस अभियान के तहत अब तक कुल 63 एफआईआर दर्ज की गई हैं. वहीं, 349 खाताधारकों एवं एजेंटों के साथ-साथ 2 बैंक अधिकारियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है
इन 9 लोगों पर हुई कार्रवाई
1. टेकेश्वर साहू (21), कांट्रेक्टर कॉलोनी, सुपेला.
2. रौनक अग्रवाल (23), नेहरू भवन के पास, सुपेला.
3. तीरथ राम ठाकुर (33), खुर्सीडीह, बोरई, दुर्ग.
4. राजीव कुमार (23), मछली मार्केट, खुर्सीपार.
5. प्रदीप कुमार (27), वैशाली नगर.
6. इन्द्रजीत सिंह (23), गुरुनानक नगर, वैशाली नगर.
7. नीलेश चक्रधारी (23), सुभाष नगर, नंदिनी रोड, छावनी.
8. परमजीत सिंह (55), हाउसिंग बोर्ड, जामुल.
9. गुरमेल सिंह (36), सुभाष चौक, कैंप-01, वैशाली नगर.
