16 स्वर्ण पदकों के साथ ऐतिहासिक जीत: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के रायपुर कॉलेज ने जीता ओवरऑल खिताब
रायपुर- इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित कृषि महाविद्यालय, रायपुर ने पूर्वी क्षेत्रीय अंतर-महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 स्वर्ण पदकों के साथ ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया है. यह प्रतियोगिता 20 से 22 नवंबर 2026 तक डीकेएस कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, भाटापारा में आयोजित की गई थी. महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न टीम एवं व्यक्तिगत स्पर्धाओं में शानदार सफलता अर्जित की.
टीम स्पर्धाओं में कृषि महाविद्यालय, रायपुर ने टेबल टेनिस (बालक एवं बालिका), बैडमिंटन (बालक एवं बालिका), कबड्डी (बालक), खो-खो (बालक) तथा वॉलीबॉल (बालक एवं बालिका) में स्वर्ण पदक हासिल किए.
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भी महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं. बालक वर्ग की 100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर एवं 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक प्राप्त किए गए. वहीं बालिका वर्ग में शॉटपुट, जैवलिन थ्रो एवं डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया.
इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में रजत एवं कांस्य पदक भी प्राप्त किए. इस शानदार उपलब्धि ने महाविद्यालय की खेल प्रतिभा, टीम भावना और सामूहिक प्रयासों को एक नई पहचान दी है.
इस गौरवपूर्ण सफलता पर कृषि महाविद्यालय, रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने सभी विजेता खिलाड़ियों, टीम मैनेजरों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इस प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय, रायपुर की टीम का नेतृत्व टीम मैनेजर एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. आर.के. ठाकुर तथा महिला टीम मैनेजर डॉ. योगेश्वरी ने किया. उनके मार्गदर्शन एवं समन्वय से खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय को यह गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई.
