मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखे जेवरात व कार जप्त
राजनांदगांव- ऑनलाइन गेमिंग की लत के चलते करीब 10 लाख रुपये के कर्ज को चुकाने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को साइबर सेल और पुलिस चौकी मोहारा की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल कार सहित कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है. यह चोरी करीब तीन माह पहले ग्राम ठाकुरटोला के एक सूने मकान में हुई थी.
पुलिस के अनुसार, ग्राम ठाकुरटोला निवासी प्रार्थी दीपक वर्मा ने चौकी मोहारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 अगस्त 2026 को सुबह करीब 9 बजे वह अपने परिवार के साथ खेती-किसानी के कार्य से खेत गया था. दोपहर करीब 1 बजे वापस घर आने पर देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था. अंदर जाकर देखने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए थे. रिपोर्ट पर पुलिस चौकी मोहारा में अपराध क्रमांक 483/2026, धारा 331, 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ के पर्यवेक्षण में पुलिस चौकी प्रभारी एवं साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस चौकी मोहारा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई.
विवेचना के दौरान ग्राम ठाकुरटोला निवासी आरोपी सुरेन्द्र साहू एवं गणेश्वर नेताम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई. पूछताछ एवं मेमोरण्डम कथन में आरोपियों ने बताया कि सुरेन्द्र साहू को ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण करीब 10 लाख रुपये का कर्ज हो गया था. कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने साथी गणेश्वर नेताम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई.
रेकी कर छत के रास्ते घुसा था आरोपी
योजना के अनुसार करीब तीन माह पूर्व दोनों ने ग्राम ठाकुरटोला निवासी दीपक वर्मा के घर की रेकी की. वारदात के दिन सुबह करीब 04 बजे दोनों घर के पास पहुंचे. गणेश्वर नेताम घर के पास खड़े ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर चढ़कर छिप गया, जबकि सुरेन्द्र साहू आसपास आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी करता रहा.
सुबह करीब 09 बजे जब घर के सभी सदस्य खेत की ओर चले गए, तब सुरेन्द्र साहू द्वारा मोबाइल से सूचना देने पर गणेश्वर नेताम छत से नीचे उतरा तथा लोहे की रॉड से कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद गोदरेज आलमारी को भी क्षतिग्रस्त कर उसमें रखे सोने का नेकलेस, सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चांदी का करधन एवं एक जोड़ी पैरपट्टी चोरी कर ली.
वारदात के बाद गणेश्वर नेताम पीछे की बाड़ी की ओर से बाहर निकला, जहां सुरेन्द्र साहू अपनी कार क्रमांक CG 04 NZ 3480 लेकर पहुंचा था. दोनों चोरी के जेवरात लेकर रायपुर चले गए तथा इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये के मकान में साथ रहने लगे. आरोपियों ने चोरी के जेवरात बेचने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर कुछ जेवरात किराये के मकान में छिपाकर रख दिए.
रायपुर में छिपाए जेवरात, फाइनेंस कंपनी में भी गिरवी रखे गहने
आरोपी सुरेन्द्र साहू ने अपने मेमोरण्डम कथन में चोरी के जेवरात के अतिरिक्त ग्राम के परिचित हेमंत साहू के रायपुर स्थित अरिहंत नगर के मकान से घरेलू कामकाज के दौरान एक जोड़ी सोने के टॉप्स एवं एक जोड़ी झुमका चोरी कर मुथूट फाइनेंस डोंगरगढ़ में गिरवी रखना भी स्वीकार किया है.
दोनों आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस द्वारा ग्राम ठाकुरटोला की चोरी के सोने-चांदी के जेवरात कीमती 8,50,000/- रुपये, घटना में प्रयुक्त कार कीमती 5,00,000/- रुपये तथा रायपुर के अरिहंत नगर स्थित मकान से चोरी किए गए सोने के जेवरात कीमती 2,00,000/- रुपये, इस प्रकार कुल 15,50,000/- रुपये की संपत्ति जप्त की गई है. आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर अग्रिम विवेचना की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी
- सुरेन्द्र साहू पिता प्यारा दास साहू, उम्र 36 वर्ष.
- गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम पिता प्रितम नेताम, उम्र 25 वर्ष. दोनों निवासी ग्राम ठाकुरटोला, पुलिस चौकी मोहारा, थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव (छ.ग.).
जप्त संपत्ति का विवरण
- ग्राम ठाकुरटोला की चोरी के सोने-चांदी के जेवरात – कीमती 8,50,000/- रुपये.
- घटना में प्रयुक्त कार – कीमती 5,00,000/- रुपये.
- रायपुर के अरिहंत नगर स्थित मकान से चोरी किए गए सोने के जेवरात – कीमती 2,00,000/- रुपये.
कुल जप्त संपत्ति – 15,50,000/- रुपये.
