ओडिशा से यूपी भेजा जा रहा था गांजे का बड़ा खेप
जशपुर – जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को कार्रवाई की है. जशपुर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने लावाकेरा बॉर्डर पर एक मिनी ट्रक से 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है. मामले में उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए उड़ीसा बॉर्डर से लगे लावाकेरा पुलिस चेकिंग पॉइंट पर विशेष एंटी नारकोटिक्स टीम को तैनात किया गया है. टीम द्वारा लगातार संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है. इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उड़ीसा की ओर से एक वाहन में गांजा लेकर तस्कर जशपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं. पुलिस के मुताबिक 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9:00 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम एवं थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी.
चेकिंग के दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई. वाहन में बैठे दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम मो. वसीम उम्र 28 वर्ष एवं मो. आसिफ उम्र 34 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश बताया. पुलिस टीम द्वारा ट्रक में लोड सामान के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि ट्रक में मिर्ची की बोरियां लोड हैं, जिन्हें वे उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे हैं. संदेह होने पर पुलिस टीम द्वारा वाहन में लोड सामान की बारीकी से जांच की गई.
जांच के दौरान ट्रक के ऊपर की ओर मिर्ची से भरी बोरियां मिलीं. पुलिस टीम द्वारा इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की गई, तो उनमें टेप से लिपटे हुए पैकेट मिले. पैकेटों को खोलकर जांच करने पर उनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया. पुलिस टीम द्वारा मौके पर गवाहों की उपस्थिति में जांच करने पर कुल 14 बोरियों में 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 440.63 किलोग्राम पाया गया.
पकड़े गए दोनों व्यक्तियों से बरामद गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका. इस पर पुलिस टीम द्वारा दोनों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से 440.63 किलोग्राम गांजा एवं तस्करी में प्रयुक्त टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 विधिवत जप्त किया गया. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये तथा जप्त टाटा आईसर मिनी ट्रक की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है. इस प्रकार मामले में पुलिस द्वारा कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जप्ती की गई है.
मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है.
प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों द्वारा बताया गया कि वे उक्त अवैध गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज, उत्तर प्रदेश जा रहे थे. पुलिस द्वारा गांजा किस व्यक्ति से खरीदा गया था तथा उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था, इस संबंध में एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है.
पुलिस द्वारा मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. प्रकरण में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. पकड़े गए दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा.
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित जिले की एंटी नारकोटिक्स टीम एवं थाना तपकरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
