पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा जनजातीय गौरव दिवस समारोह में हुए शामिल
राजनांदगांव- छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए. इससे पहले उन्होंने रायगढ़ स्थित जिंदल एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आत्मीय स्वागत किया.
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उसके अमूल्य योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण करने का अवसर है. भगवान बिरसा मुंडा जैसे जननायकों के साहस, स्वाभिमान और देशप्रेम से प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाए—यही इस दिवस का सकारात्मक संदेश है. उन्होंने कहा कि जनजातीय कला, लोकनृत्य, परंपरागत ज्ञान और हस्तशिल्प हमारी साझा सांस्कृतिक धरोहर हैं; इनके संरक्षण और संवर्धन से जनजातीय समाज की पहचान को नई मजबूती मिलती है.
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है. धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में जनजातीय कार्य मंत्रालय के सहयोग से आयोजित समारोह का उद्देश्य जनजातीय नायकों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना, समृद्ध लोक-संस्कृति को सम्मान देना और जनजातीय समाज के अधिकारों एवं विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा.
समारोह में उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव, शहीद वीर नारायण सिंह लोककला नृत्य प्रतियोगिता और विभिन्न राज्यों के जनजातीय नृत्यों की प्रस्तुतियां हुईं. राज्यस्तरीय जनजातीय विकास प्रदर्शनी एवं क्राफ्ट मेले में जनजातीय कला और हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया गया. कार्यक्रम में बैगा पुजारी सम्मान निधि योजना की राशि का सांकेतिक अंतरण, प्रमुख जनजाति एवं उपजनजाति प्रमुखों का सम्मान तथा जनजातीय गौरव ज्ञान और फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण भी किए गए.
