WhatsApp पर शादी का कार्ड डाउनलोड करना पड़ा भारी! मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 98 हजार, गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा- जिले में एक व्यक्ति को व्हाट्सएप पर शादी का निमंत्रण कार्ड बताकर भेजी गई APK फाइल को डाउनलोड करना भारी पड़ गया. फाइल डाउनलोड होते ही मोबाइल हैक हो गया और पीड़ित के बैंक खाते से 98 हजार रुपये पार हो गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केरल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत को 6 जून 2026 को व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से शादी के निमंत्रण कार्ड के नाम से APK फाइल भेजी गई थी. पीड़ित ने इसे असली शादी का कार्ड समझकर अपने मोबाइल में डाउनलोड कर लिया. फाइल डाउनलोड होते ही उनका फोन हैक हो गया और साइबर ठगों ने उनके मोबाइल का पूरा नियंत्रण अपने हाथ में लेते हुए एसबीआई (SBI) बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए. खाते से रकम कटने का मैसेज आने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई. मामले की शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने जांच शुरू की.
NCRP पोर्टल से मिला केरल का सुराग
मामले की जांच के दौरान जांजगीर साइबर पुलिस ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) की मदद ली. जांच में उस बैंक खाते का पता चला, जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी. बैंक खाते से जुड़े विवरण के आधार पर पुलिस को केरल के मल्लपुरम जिले के कोण्डोट्टी का सुराग मिला. इसके बाद जांजगीर साइबर पुलिस की टीम केरल पहुंची और स्थानीय स्तर पर जांच करते हुए अब्दुल अजीज को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी अब्दुल अजीज ने अपने बैंक खाते में 98 हजार रुपये की रकम आने की बात स्वीकार की. उसने बताया कि खाते में पहुंची रकम निकालकर घरेलू खर्च में इस्तेमाल कर ली थी. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बैंक खाते में 21 हजार रुपये की एक अन्य संदिग्ध रकम भी मिली. जब इस रकम की जानकारी NCRP पोर्टल पर जांची गई तो पता चला कि इस संबंध में गुजरात से भी साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई है. इस जानकारी के बाद पुलिस को आरोपी के बैंक खाते से जुड़े अन्य संदिग्ध लेनदेन की भी जानकारी मिली. पुलिस ने मामले में आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया और संबंधित बैंक खाते को सीज कराने की कार्रवाई की.
ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया आरोपी
केरल से गिरफ्तार किए गए अब्दुल अजीज को पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया. इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और बैंक खातों में हुए अन्य संदिग्ध लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है.
अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से बचें
जांजगीर पुलिस ने आम नागरिकों को साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की है. ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और साइबर अपराध की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं. समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस पाने की संभावना बढ़ सकती है.
