धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में जीत दोहराने के मोर्चे पर उतरी कांग्रेस, 1998 में कांग्रेस को पहली बार मिली थी जीत
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज ग्रामीणों से भेंट मुलाकात करने और शासन की योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने जिला रायपुर के धरसींवा विधानसभा के ग्राम माठ पहुँचे. माठ पहुंचने पर हेलीपैड में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्वागत में धरसींवा विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, सर्व सौरभ मिश्रा, अश्वनी वर्मा, सुरेंद्र गेंद्रे, अरविंद देवांगन चंद्रशेखर शुक्ला के साथ अन्य जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता ने हेलीपैड पर उत्साहपूर्वक आत्मीय स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने आम जनता का स्वागत स्वीकार करते हुए सभी का अभिवादन किया.
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट मुलाकात के दौरान प्रदेश की 52 विधानसभा सीट का दौरा पूरा कर लिया है. मुख्यमंत्री बघेल ने रविवार को रायपुर की धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में जनता से सीधा संवाद किया. यहां कांग्रेस की विधायक अनिता शर्मा है. झीरम घाटी नक्सली हमले में अनिता के पति योगेंद्र शर्मा की मौत हुई थी. मुख्यमंत्री ने न सिर्फ धरसींवा के विकास कार्यों को परखा, बल्कि योगेंद्र शर्मा की प्रतिमा का अनावरण भी किया. वर्ष 2013 में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के दौरान योगेंद्र तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल की गाड़ी में थे और नक्सली गोलीबारी में मौके पर ही मौत हो गई थी. धरसींवा सीट पर राज्य गठन के बाद हुए चुनाव में भाजपा ने लगातार तीन बार जीत दर्ज की थी. पिछले चुनाव में भाजपा के देवजी पटेल को हार का सामना करना पड़ा था.
कांग्रेस को पहली बार 1998 में मिली थी जीत
धरसींवा सीट पर कांग्रेस के विधान मिश्रा ने 1998 में पहली बार जीत दर्ज की थी. कांग्रेस पार्टी ने विधान मिश्रा को 1993 में भी उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह भाजपा के बालाराम वर्मा से 1796 वोट से हार गए थे. अगले चुनाव में विधान ने बालाराम को हराया था. इस जीत के बाद विधान मिश्रा को जोगी सरकार में मंत्री भी बनाया गया था.
कांग्रेस की अनिता शर्मा ने 2018 में दर्ज की जीत
झीरम घाटी कांड के बाद कांग्रेस ने अनिता शर्मा को उम्मीदवार बनाया, लेकिन वह भी देवजी से 2390 वोट से हार गई. झीरम की सहानुभूति अनिता के पक्ष में नहीं गई. चुनाव हारने के बाद भी तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे भूपेश बघेल ने अनिता शर्मा को 2018 के चुनाव में एक बार फिर उम्मीदवार बनावाया और अनिता ने जीत दर्ज की.
