जगदलपुर : बस्तर में शांति व सुरक्षा के लिए नक्सल मोर्चे पर तैनात रहे शहीद जवानों की याद में पुलिस प्रशासन द्वारा दिल्ली के इंडिया गेट की तर्ज पर जगदलपुर के आमागुड़ा चौक में अमर वाटिका बनवा रहा है. 26 जनवरी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इसका लोकार्पण करेंगे. इस पूरी जगह को इस तरह से डेवलप किया जा रहा है कि यहां पर समय-समय पर सलामी सहित पुलिस विभाग के अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे. इसके अलावा यहां पर शहीद जवान के परिजन आकर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे.
इस अमर वाटिका के स्मारक पिलर में लगभग 11 हजार शहीद जवानों के नाम जन्म व शहादत तिथि अंकित किए जाएंगे. नक्सलियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए जवानों की याद में निर्माण किए जा रहे इस वाटिका को आम जनता के लिए आकर्षक रूप दिया जा रहा है. यहां आने वाले लोगों को नक्सल हिंसा के दर्द का एहसास होगा. इस पूरे प्रोजेक्ट को मेमोरियल का रूप दिया जा रहा है.
इस अमर वाटिका में स्मारक के अलावा म्यूजियम व संगोष्ठी कक्ष का निर्माण किया गया है. 40 लाख के बजट से बन रहा वाटिका लगभग 24 एकड़ में फैला हुआ है, जहां समय-समय पर शहीदों की याद में होने वाली संगोष्ठी, फोटो प्रदर्शनी, विचार विमर्श और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. सुंदरराज पी, आईजी बस्तर ने कहा, बस्तर में शांति स्थापना के लिए नक्सल मोर्चे पर शहीद हुए जवानों की याद में अमर वाटिका बनाया जा रहा है. यह इंडिया गेट की तर्ज पर बनाया जा रहा है. आने वाले दिनों में यहां शहीद स्मृति दिवस व अन्य सभी कार्यक्रम आयोजित होंगे.
