कृषि अधिकारी का हमला, पत्रकार को पीटा, वकील से भी धक्का-मुक्की
सारंगढ़-बिलाईगढ़ – छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कृषि विभाग कार्यालय के अंदर मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है. ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण पटेल पर आरोप है कि उन्होंने जानकारी मांगने आए पत्रकार और वकील के साथ बदसलूकी की और मारपीट कर दी. पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
बताया जा रहा है कि कार्यालय में मौजूद अन्य अधिकारी और कर्मचारी घटना के दौरान मूकदर्शक बने रहे. पीड़ितों का आरोप है कि किसान सम्मान निधि से जुड़ी जानकारी मांगे जाने और शिकायत की बात कहने पर अधिकारी भड़क गए और मारपीट शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल को वकील जनक बरेठ अपनी मां की किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए आवेदन देने कृषि कार्यालय पहुंचे थे. उनके साथ पत्रकार पोषराम साहू भी मौजूद थे. दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें संबंधित कर्मचारी प्रवीण पटेल के पास भेजा.
वहीं पर जानकारी मांगने और शिकायत करने की बात पर विवाद बढ़ गया. आरोप है कि अधिकारी ने पत्रकार का कॉलर पकड़कर कई बार मुक्के मारे, जिससे उसके गले और चेहरे पर चोट आई. वकील को भी धक्का देकर दूर कर दिया गया.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पीड़ितों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. मामले की जांच की जा रही है.
इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है. विधायक देवेंद्र यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब बाबू लेवल के कर्मचारियों का भी मुख्यमंत्री मंत्रियों से सीधा लेनदेन चल रहा हो वहां ऐसा कॉन्फिडेंस आना लाजमी है. विष्णुदेव सरकार पहले ही अपनी गरिमा गिरा चुकी है अब आम जनमानस, पत्रकार भी इसका शिकार हो रहे हैं.
किसान सम्मान निधि पर सवाल पूछा तो कृषि विस्तार अधिकारी ने युवा पत्रकार साथी पोषराम साहू की ही बेरहमी से पिटाई कर दी.. यही नहीं बीच बचाव पर उतरे वकील को भी पीट दिया.
