रायपुर : राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में बादल छाए रहने का अनुमान लगाया गया है. कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. अगले 4 से 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है. संभावना जताई जा रही है कि तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जा सकती है. इसका सीधा अर्थ है कि मौसम फिर करवट ले सकता है. कहीं-कहीं सुबह हल्के से मध्यम कोहरा होने की संभावना जताई गई है.
रायपुर में 25 जनवरी तक न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच होने का अनुमान लगाया गया है. सुबह कोहरे या धुंध के साथ-साथ आंशिक बादल छा सकते हैं. अलग-अलग स्थानों पर बनी चार मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं के साथ नमी आने लगी है. इसके चलते बादल छाने लगे हैं. इससे तापमान बढ़ने लगा है.
वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच में ट्रफ के रुप में बना हुआ है. एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू-कश्मीर पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रुप में बना हुआ है. इसके असर से राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बना है. उधर ओडिशा पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है. इन मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं के साथ नमी आने से प्रदेश के उत्तर इलाके के जिलों में बादल छाने लगे हैं. साथ ही हल्की वर्षा भी हो रही है.
