रंगों के त्योहार पर मातम, इकलौते बेटे की चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या
आरंग- राजधानी रायपुर के नजदीकी क्षेत्र आरंग में होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब वार्ड नंबर 2 स्थित साहू पारा में कुछ हुड़दंगियों ने एक 18 वर्षीय युवक की नृशंस हत्या कर दी. मृतक की पहचान रामनगर चौक निवासी नीरज लोधी के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, मृतक नीरज लोधी होली के दिन अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर घूमने निकला था. जैसे ही वे साहू पारा पहुंचे, वहां पहले से हुड़दंग कर रहे युवकों के एक समूह ने उन्हें रोक लिया. चश्मदीदों के मुताबिक, हुड़दंगियों ने नीरज को चलती बाइक से नीचे गिरा दिया और बिना किसी बड़ी वजह के उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले के दौरान नीरज के साथ मौजूद उसके दो दोस्तों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई.
प्राथमिक जांच में पता चला है कि हमलावरों ने नीरज पर बेहद क्रूरता से वार किए थे. उसके शरीर पर चाकू के तीन गहरे निशान मिले हैं, साथ ही उसके सिर पर भी गंभीर चोट के निशान हैं. अधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण नीरज की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक नीरज लोधी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. घर के इकलौते वारिस की इस तरह हत्या होने से परिवार पूरी तरह टूट चुका है.
