टी20 वर्ल्ड कप 2026 : आज इंग्लैंड से भिड़ेगी टीम इंडिया, फाइनल में पहुंची न्यूज़ीलैंड
स्पोटर्स डेस्क- टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है. आज होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच में टीम इंडिया का सामना इंग्लैंड से होगा. यह मुकाबला शाम 7 बजे से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. डिफेंडिंग चैंपियन भारत इस बार लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम करने की मजबूत दावेदारी के साथ मैदान में उतरेगी. भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के सामने चुनौती कड़ी होगी. दोनों टीमें लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी, जो इस मैच को और दिलचस्प बनाता है. दूसरा सेमीफाइनल जीतने वाली टीम 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबला खेलेगी.
साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में पहुंची न्यूज़ीलैंड
पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर न्यूजीलैंड फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. बुधवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए. जवाब में न्यूजीलैंड ने 170 रन का लक्ष्य 12.5 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया और फाइनल में प्रवेश किया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूज़ीलैंड की टीम को टीम शेफर्ड और फिन एलेन ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी. फिन एलेन 33 गेंद पर शानदार शतक बनाकर नाबाद रहे. वहीं शेफर्ड ने 33 गेंद पर 58 रनों की पारी खेली. न्यूज़ीलैंड की टीम ने 170 रनों के टारगेट को बड़े ही आसानी से हासिल कर लिया और फाइनल में प्रवेश करने वाली पहली टीम बन गई है.
