विजयदशमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन गरियाबंद में हुआ पारंपरिक शस्त्र पूजन
गरियाबंद- विजयदशमी (दशहरा) के पावन अवसर पर आज रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) गरियाबंद में पूर्ण विधि-विधान और पारंपरिक गरिमा के साथ शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया. इस विशेष अनुष्ठान में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर मुख्य रूप से उपस्थित रहे.इस विशेष अनुष्ठान में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर मुख्य रूप से उपस्थित रहे. उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुलिस विभाग के आधुनिक एवं पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों तथा वाहनों का तिलक लगाकर, अक्षत और पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजन किया.
शस्त्र पूजन के इस गरिमामयी कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण सिंह उके, उप पुलिस अधीक्षक लितेश सिंह, एस.डी.ओ.पी. निशा सिन्हा एवं रक्षित निरीक्षक सनत कुमार ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे. पूजा संपन्न होने के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा हर्षोल्लास के साथ एक-दूसरे को विजयादशमी पर्व की बधाई व शुभकामनाएं दी गईं.
इस शुभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने संपूर्ण पुलिस परिवार, उनके परिजनों तथा समस्त गरियाबंद जिलेवासियों को विजयदशमी की हार्दिक बधाई दी. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए पुलिस परिवार और जिले की जनता के जीवन में अपार सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का संदेश देता है और पुलिस बल सदैव जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.
इस अवसर पर पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी, अधीनस्थ कर्मचारी एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया.
