146 नग हीरानुमा पत्थर के साथ गिरफ्तार: पायलीखंड खदान से चुराए, 10 लाख से अधिक का मशरूका जब्त
धमतरी – जिले में साइबर थाना और बिरेझर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 146 नग बहुमूल्य (हीरे जैसे) पत्थरों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी गरियाबंद जिले की पायलीखंड खदान से वर्ष 2018 में चुराए गए इन कीमती पत्थरों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहा था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पत्थरों समेत कुल 10 लाख 15 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त कर उसे जेल भेज दिया है.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों और खनिज संपदा की अवैध खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 18 अक्टूबर 2026 को बिरेझर चौकी और साइबर थाना धमतरी की संयुक्त टीम पेट्रोलिंग पर थी. इसी दौरान मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध रूप से बहुमूल्य पत्थर लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया.
बलौदाबाजार का रहने वाला है आरोपी
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद अग्रवाल (64 वर्ष), निवासी केके वार्ड, भाटापारा (जिला बलौदाबाजार-भाटापारा) बताया. जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से पॉलीथीन में नीले और फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे हुए 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर बरामद हुए.
2018 में पायलीखंड खदान से किए थे पार
पुलिस द्वारा लिए गए मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने इन बहुमूल्य पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी किया था. तब से वह इन्हें छिपाकर रखे हुए था और अब इन्हें खपाने के लिए ग्राहक तलाश रहा था.
जब्त सामान और कानूनी कार्रवाई
बरामद कीमती पत्थर: 146 नग (कुल वजन 16.17 ग्राम, शुद्ध वजन 13.49 ग्राम)- अनुमानित कीमत 10,05,000
मोबाइल फोन: सैमसंग गैलेक्सी S21 FE 5G — कीमत 8,000
नगदी: 2,200 रुपये
कुल जब्त मशरूका: 10,15,200
पुलिस ने आरोपी विनोद अग्रवाल के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है. आरोपी को कुरुद न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
