राजनांदगांव में जलेगा 51 फीट का रावण, फिल्म ‘कांतारा’ की जीवंत प्रस्तुति और आतिशबाजी बिखेरेगी जलवा
राजनांदगांव – शहर के स्टेट स्कूल मैदान में राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति द्वारा विजयादशमी पर्व का भव्य आयोजन किया जा रहा है. समिति के इस 31वें दशहरा उत्सव में इस बार का मुख्य आकर्षण ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कांतारा’ के क्लाइमैक्स का जीवंत नाट्य रूपांतरण होगा. इसके साथ ही उज्जैन के प्रसिद्ध गायक दिव्यांश पांड्या की सुमधुर संगीतमय प्रस्तुति और मुंबई के कारीगरों द्वारा की जाने वाली भव्य आतिशबाजी दर्शकों का मन मोहेगी.
आयोजन समिति के तथागत पांडे, राजेंद्र यादव (गुरुजी), योगेश बागड़ी, विनोद पांडे और संतोष पटाक ने प्रेसवार्ता में बताया कि राष्ट्रीय उत्सव समिति की स्थापना वर्ष 1996 में स्वर्गीय विजय पांडे द्वारा की गई थी. उनके द्वारा प्रारंभ की गई यह परंपरा आज भी निरंतर आगे बढ़ रही है.
51 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन
आयोजन समिति के तथागत पांडे ने बताया कि समिति का उद्देश्य दशहरा उत्सव के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना है. बीते वर्षों से यह आयोजन राजनांदगाँव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है. उन्होंने बताया कि विजयादशमी पर्व के दिन बुराई का प्रतीक रावण को धूं -धूं कर जलाने के लिए 51 फीट ऊंचे नए रंग-रूप वाले रावण के पुतले का निर्माण किया गया है जिसका मुंबई के आकर्षक आतिश बाजियो के बीच भगवान श्री राम, लक्ष्मण एवं बीर हनुमान की सेना द्वारा आततायी, घमंडी रावण पुतले का दहन किया जाएगा. इस दौरान उज्जैन के दिव्यांश पांडे द्वारा अपने सुमधुर गीतों से सबका मनोरंजन करेंगे.
गणेश विसर्जन झांकी में भी छाया रहा कांतारा
बता दें कि इस वर्ष राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति द्वारा रावण दहन अवसर पर दिखाई जाने वाले कांतारा का दृश्य इस वर्ष के गणेश विसर्जन झांकी कार्यक्रम में सबका दिल जीत लिया है. यह झांकी देश और विदेश मे भी चर्चित हो गई है. उक्त दृश्य राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति के रावण दहन आयोजन में दर्शकों का विशेष आकर्षण का केंद्र होगा. फिल्म कांतारा के नाता रूपांतरण के माध्यम से लोक संस्कृति और परंपराओं की जीवत प्रस्तुति, वहीं उज्जैन के लोकप्रिय गायक दिव्यांश पांड्या अपनी सुमधुर आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे. इसके साथ ही मुंबई की भव्य आतिशबाजी दशहरा उत्सव की रौनक को और भी बढ़ाएगी.
दर्शकों की सुविधा के लिए 2 प्रवेश द्वार
आयोजन में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए समिति द्वारा स्टेट हाई स्कूल के मैदान में जाने के लिए दो प्रवेश द्वार बनाया गया है. जी ई रोड से स्टेट हाई स्कूल में जाने वाला मार्ग गेट नंबर 1 होगा वहीं खैरागढ़ रोड ओवर ब्रिज की तरफ से मैदान में जाने के लिए गेट नंबर 2 से दर्शक जा सकेंगे. समिति द्वारा शहर के सभी गणमान्य नागरिकों, धर्म प्रेमी जनता व युवाओं से इस भव्य दशहरा उत्सव कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित होकर इसकी शोभा व गरिमा बढ़ाने की अपील की गई है.
