यूनिटी मेटा टोकन में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर किया ठगी
रायगढ़- जिले में साइबर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय करेंसी और डिजिटल टोकन में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. आरोपियों ने ओडिशा के एक युवक को अपना शिकार बनाते हुए उससे 11 लाख 60 हजार रुपये की ठगी की थी.
पीड़ित युवक ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसे यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन जैसी डिजिटल करेंसी में निवेश करने पर कम समय में भारी मुनाफे का झांसा दिया था. जालसाजों के बहकावे में आकर पीड़ित ने अपनी जमीन (खेत) बेचकर बड़ी रकम इन टोकन में निवेश कर दी. हालांकि, न तो उसे कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी मूल राशि वापस लौटाई गई, जिसके बाद ठगी का अहसास होने पर उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई की. मामले में थाना साइबर, रायगढ़ में अपराध क्रमांक 16/2026, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है.
अंतरराष्ट्रीय करेंसी एवं डिजिटल टोकन में निवेश कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को रायगढ़ साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने यूनिटी मेटा टोकन एवं बीड क्वाइन में निवेश के नाम पर ओडिशा निवासी युवक से 11 लाख 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी की. बैंक खातों के लेन-देन और मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई, ओडिशा और मुंबई तक जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है. मामले में थाना साइबर, रायगढ़ में अपराध क्रमांक 16/2026, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है. गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
