मथुरा : उत्तर प्रदेश में स्थित मथुरा के बरसाना में राधाष्टमी कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मचने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई. इस हादसे के बाद प्रशासन में खलबली मच गई. यह दुर्घटना शनिवार सुबह लाडली जी मंदिर में अभिषेक के दर्शन के दौरान हुई.
मृतकों में एक श्रद्धालु महिला शामिल है. प्रयागराज की रहने वाली 60 वर्षीय श्रद्धालु राजमणि राधारानी के दर्शन करने अपने परिवार के साथ बरसाना पहुंची थीं. सुबह 4 बजे वह अभिषेक के दर्शन करने श्रद्धालु सीढ़ियों से लाडली जी मंदिर जा रही थीं. तभी भीड़ के दबाव में उनका दम घुट गया और वो बेहोश हो गईं. महिला श्रद्धालु को उनके परिजन और पुलिस सीएचसी ले गए. यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
उधर, सुदामा चौक पर एक अन्य बुजुर्ग भीड़ के दबाव में बेहोश हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. सीएचसी के प्रभारी डॉक्टर मनोज वशिष्ठ ने बताया कि दोनों ही श्रद्धालुओं को यहां मृत लाया गया था. महिला श्रद्धालु मधुमेह से पीड़ित थी.
