जगदलपुर : जगदलपुर के कोंडागांव में वन विभाग में कार्यरत बाबू के बेटे के जूते चोरी करने का एक मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही युवक ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई. छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी को धरदबोचा. मामले में हैरान करने वाली बात यह है कि चोर ने चोरी के जूतों को एक दिन भी इस्तेमाल नहीं किया और उसे आग के हवाले कर दिया. पुलिस ने जले जूते के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मामले के बारे में जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि दलपत सागर वार्ड में रहने वाले वीएस वर्मा निवासी दलपत सागर वार्ड स्थित घर आंगन में रखे नेवी ब्लू रंग के एक जोड़ी जूते को किसी अज्ञात चोर द्वारा 29 अगस्त की रात को चोरी कर ले जाने का मामला दर्ज किया गया. जिनकी कीमत 26 सौ रुपये बताई गई है.
मामले को देखते हुए पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा. पूछताछ करने पर रोहित सिंह निवासी सनसिटी अटल आवास ने बताया कि दलपत सागर वार्ड से घर आंगन में रखे एक जोड़ी जूते उसने ही चोरी किए, जिसे पहनने की जगह जला देने की बात बताई है, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया है.
