दुर्ग : नंदिनी थाना क्षेत्र के पोटिया गांव में संचालित अवैध गुटखा फैक्टरी में पुलिस ने छापेमारी की कार्रवाई की है. पुलिस ने मौके से लाखों रुपये का गुटखा और गुटखा बनने का कच्चा माल समेत पैकिंग मशीन जब्त की है. गुटखा तस्करी के ही आरोप में जेल बंद एक तस्कर अपने बेटे के माध्यम से इस फैक्टरी का संचालन करवा रहा था. नंदिनी पुलिस ने गुटखा को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए खाद्य विभाग को प्रकरण को सौंप दिया है.
नंदिनी थाना प्रभारी ने बताया कि पोटिया गांव में घराना फूड पार्क में एक होटल का निर्माण चल रहा है. वहां पर अभी टीन शेड बना है. प्रतिबंधित गुटखा सितार ब्रांड के जर्दायुक्त गुटखा का बनाया जा रहा था. पुलिस को सूचना मिलने पर रात में छापामारी की गई. कुछ मजदूर गुटखा बनाने और उसकी पैकिंग का काम कर रहे थे. गोदाम में पुलिस एक ट्रक समेत लाखों का जर्दायुक्त गुटखा, कच्चा सामान और पैकिंग मशीन बरामद की है. यह गुटखा फैक्टरी दुर्ग निवासी गुरुमुख जुमाननी की बतायी जा रही है. वह वर्तमान में जेल में बंद है और इस गुटखा का कारोबार उसका बेटा का रहा था.
गुरुमुख जुमानानी जेल से ही अपने बेटे को फैक्टरी संचालन के निर्देश देता था. गुरुमुख पुराना गुटखा कारोबारी है, जो पहले राजनांदगांव के सोमनी थाना क्षेत्र के जोरातराई के पास साबुन फैक्टरी की आड़ में जर्दायुक्त गुटखा का कारोबार करता था. जानकारी मिलने पर पुलिस ने फैक्टरी को सील कर दिया था. इस दौरान करीब 82 लाख का जर्दायुक्त गुटखा समेत कच्चा सामान और मशीन बरामद हुई थी.
