कोरबा : कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में निहारिका घंटाघर के ओपन थिएटर मैदान में स्थित जिला पुरातत्व संग्रहालय में चोरी हो गई है. चोर यहां से प्राचीन काल की बंदूकें, तलवार, गहने और सिक्के समेत अन्य सामान लेकर भाग गए. इससे पुरातत्व विभाग में हड़कंप मच गया. चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित पुरातत्व विभाग के संग्रहालय में चोरी हुई है. जिला पुरातत्व के प्रभारी सुबह जब कार्यालय पहुंचे तब उन्हें घटना की जानकारी हुई. चोर संग्रहालय का ताला तोड़कर वहां रखे प्राचीन काल के बंदूकें, तलवार, गहने और सिक्के समेत अन्य सामान ले उड़े.
बताया जा रहा है कि, कोरबा की रानी धनराज कुंवर देवी के जमीदारी समय के तलवार, बंदूक, गहने और सिक्के संग्रहित किए गए थे. चोरी की घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुरातत्व अधिकारी हरिसिंह ने मामले की थाने में लिखित शिकायत दी और अपर कलेक्टर को भी घटना की जानकारी दी है.
