कोरबा : जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर के जंगल में मिले ग्राम आमाडांड निवासी बसंत कोसले की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है. प्रेमी से मिलने में आ रही समस्या को सदा के लिए खत्म करने के लिए मृतक की पत्नी ने ही मौत की साजिश रची थी. उसने अपने प्रेमी व उसके एक साथी की सहायता से यह घिनौना काम किया. पुलिस ने मामले में संलिप्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बालको नगर थाना के अंतर्गत रजगामार चौकी क्षेत्र के ग्राम आमाडांड निवासी बसंत कोसले की हत्या कर दी गई थी. उसका शव जंगल मे मिला था. जांच और कुछ इनपुट के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी सुनीता कोसले उसके प्रेमी और साथी को गिरफ्तार किया है. सुनियोजित तरीके से पत्नी ने पति की हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया. प्लान के अनुसार 13 जून को दिनेश ने सुनिता को फोन कर बसंत को शराब दुकान में भेजने को कहा, जहां दिनेश अपने एक दोस्त के साथ पहुंचा था. बसंत के पहुंचते ही तीनों शराब लेकर जंगल में गए और दिनेश ने मौका पाकर गमझे से बसंत का गला घोट दिया, हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए.
पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक कुछ माह पूर्व परिवार समेत एनटीपीसी सीपत में कमाने खाने गया था जहां वो किराए के मकान में रहता था. इस दौरान वहीं रहने वाले दिनेश सोनवानी नामक युवक से मृतक की पहचान हो गई. जिसका अक्सर बसंत के घर आना जाना रहता था. कोरबा आने के बाद भी दिनेश अक्सर बंसत के घर आता था. जिससे मृतक की पत्नी और दिनेश के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए. पति के कारण वह अपनी प्रेमी से नहीं मिल पाती थी यही वजह है कि सुनिता कोसले ने दिनेश के साथ मिलकर बसंत को मारने की योजना बनाई. घटना को दिनेश ने अपने साथी सिकंदर के साथ मिलकर अंजाम दिया.
