जशपुर : जशपुर के बगीचा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पांच दिन के बच्चे को फांसी पर लटकाकर मार डाला. इसके बाद खुद भी उसी रस्सी से फंदा बनाकर जान दे दी. दोनों के शव सोमवार को एक ही साथ पेड़ से लटके हुए मिले हैं. बताया जा रहा है कि पति ने विवाद होने के बाद मां-बेटे को एक दिन पहले ही घर से निकाल दिया था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हालांकि पति ने महिला को मानसिक रूप से बीमार बताया है.
जानकारी के मुताबिक चरकूराम नागवंशी की शादी मुन्नी बाई (28) से हुई थी. इसके बाद वह अपनी ससुराल घुघरी में रहता था और मजदूरी करता था. बताया जा रहा है कि रविवार शाम को जब वह काम से लौटा तो पति-पत्नी के बीच खाने को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद मुन्नी बाई अपने पांच दिन के बच्चे को लेकर घर से निकल गई. इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं था. अगले दिन सोमवार को गांव वालों ने दोनों के शवों को एक ही रस्सी के सहारे पेड़ से लटका देखा तो सूचना दी.
वहीं दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि, महिला का बच्चा सात माह में ही हो गया था. इसके कारण पति उसे भूत का बच्चा कहता था. रविवार को भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. इसके बाद पति ने महिला और बच्चे को मारपीट कर घर से निकाल दिया. यह भी बताया जा रहा है कि महिला का पति शराब पीने का आदी है. इसके चलते भी अक्सर पति-पत्नी का विवाद होता रहता था. पति ने महिला को मानसिक रूप से बीमार बताया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
