कोरबा : कोरबा जिले के कोतवाली क्षेत्र में प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. दोनों के शव मंगलवार को एक होटल के कमरा नंबर 302 में एक ही रस्सी से लटके हुए मिले. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने रस्सी काटकर शवों को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है. इसमें दोनों ने मर्जी से जान देने और परिजनों को परेशान नहीं करने की बात लिखी है. परिजनों ने बताया कि लड़का काम की तलाश में घर से निकला था. जबकि लड़की कंप्यूटर की छात्रा थी.
जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान तिलकेजा निवासी दीपक कुमार (24) और लड़की की शिनाख्त डीपरापारा पहंदा निवासी प्रियंका टंडन (22) के रूप में हुई है. दोनों एक दिन पहले ही होटल में रुकने के लिए पहुंचे थे. अगले दिन जब काफी देर तक दोनों नहीं दिखाई दिए तो कर्मचारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इस पर पुलिस को सूचना दी गई. बाद में पुलिस ने खिड़की तोड़कर कर्मचारी को अंदर भेजा तो दोनों के खुदकुशी करने का पता चला.
पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और उनके आने के बाद शवों को नीचे उतारा गया. युवक के पिता का कहना है कि, उनका बेटा काम की तलाश के बारे में बताकर सोमवार दोपहर को निकला था, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा. उसको कॉल लगाया तो नंबर भी बंद था. वह कॉलेज में पढ़ता था. वहीं लड़की के परिजनों का कहना है कि, उन्हें प्रेम प्रसंग के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. युवती कंप्यूटर की पढ़ाई करती थी और कल से लापता थी. इसकी सूचना पुलिस में आज देने वाले थे की घटना की जानकारी फोन पर मिली.
