राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली शराब घोटाले की आंच आंध्र प्रदेश और तेलंगाना तक पहुंच गई है. इस मामले में जांच एजेंसी ने यहां से वाईएसआरसीपी के सांसद मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी के बेटे राघव मगुंटा को गिरफ्तार किया है. इससे पहले दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए एक विज्ञापन कंपनी के निदेशक को ईडी की हिरासत में भेजा था. इससे पहले ईडी ने हैदराबाद से ही चैरियट एडवरटाइजिंग के राजेश जोशी को गिरफ्तार किया था. जांच एजेंसी को इस मामले में कई और भी नाम मिले हैं.
वाईएसआर कांग्रेस के ओंगोले सांसद मगुनता श्रीनिवासुलु रेड्डी के बेटे राघव को दिल्ली शराब नीति घोटाले में गिरफ्तार किया गया. एक पखवाड़े पहले अपनी दूसरी चार्जशीट में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित तौर पर कहा था कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के कविता के साथ रेड्डी इंडोस्पिरिट के वास्तविक मालिक हैं. कथित तौर पर कविता ने शराब व्यवसायी अरुण रामचंद्र पिल्लई के माध्यम से हिस्सेदारी बनी थी. उनके साथ व्यवसायी विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली ऊथा गौतम और समीर महेंद्रू के साथ सीबीआई ने पिछले साल चार्जशीट किया था.
चार्जशीट में ईडी ने कहा कि अरुण पिल्लई ने 12 नवंबर, 2022 को अपने बयान में खुलासा किया कि कविता और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप सरकार के बीच एक डील हुई थी. 100 करोड़ रुपये की रिश्वत के बदले में कविता को दिल्ली के शराब कारोबार तक पहुंच मिली, विशेष रूप से इंडोस्पिरिट में हिस्सेदारी थी. अरुण पिल्लई इंडोस्पिरिट में कविता का प्रतिनिधित्व कर रहे थे और उनकी ओर से भागीदार भी बने.
