आज धरती के पास से एक विशाल उल्का पिंड गुजरने वाला है. मिली जानकारी के अनुसार यह उल्कापिंड एक विमान के आकार से बराबर हो सकता है. एस्टेरॉयड की निगरानी रखने वाले नासा का प्लैनेटरी डिफेंस कोआर्डिनेशन ऑफिस ने बताया है कि Asteroid 2023 BC8 आज धरती की ओर बेहद तेजी से बढ़ रहा है और यह क्षुद्रग्रह 50,564 प्रति घंटे की रफ्तार से धरती के बेहद करीब से गुजर जाएगा.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी पृथ्वी के करीब से 3600 किमी की दूरी से शुक्रवार को एक शिपिंग ट्रक के आकार वाला एस्टेरॉयड गुजरा था. जिसे 2023 BU का नाम दिया गया था. हालांकि इस उल्कापिंड से धरती को कोई खतरा नहीं था. नासा लगातार बड़े और खतरनाक एस्टेरॉयड की जानकारी जुटाने को प्राथमिकता देता है, वहीं छोटे उल्कापिंड के बारे में तभी जानकारी मिलती है, जब वे धरती के बेहद करीब से गुजरते हैं.
आपको बता दें कि अधिकांश क्षुद्रग्रह या उल्कापिंड क्षुद्रग्रह बेल्ट में पाए जाते हैं, जो मंगल और बृहस्पति ग्रह की कक्षाओं के बीच मौजूद है. क्षुद्रग्रह आमतौर पर चट्टानों से बने होते हैं, लेकिन वे निकल और लोहे जैसी धातुओं से निर्मित होते हैं. गौरतलब है कि 19वीं शताब्दी के मध्य तक क्षुद्रग्रहों को ग्रह माना जाता था.
