कवर्धा : कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता ने फांसी लगाकर जान दे दी. उसे देखकर बेटा भी सदमे में आ गया और उसी फंदे पर फांसी लगाकर बेटे ने भी खुदकुशी कर ली. इसके बाद बेटी ने भी आत्महत्या करने की कोशिश की. मगर उसे किसी तरह बचा लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, बिरनपुर निवासी पंचराम निषाद खेती किसानी का काम करता था. मगर वो काफी दिनों से बीमार था. इस वजह से उसके घरवाले परेशान थे इसलिए मृतक पंचराम भी काफी परेशान रहा करता था. इलाज के बाद भी उसकी तबीयत खराब ही रहती थी. उसका 17 साल का बेटा दयालु 12वीं का छात्र था. गुरुवार रात को पंचराम घर पर अकेले था. उसके घर के लोग कहीं बाहर गए थे. इसी दौरान उसने खुदकुशी कर ली. जब उसकी 2 बेटियां और बेटा दयालु घर पहुंचे तो वे अपने पिता को फंदे पर लटका हुआ देखकर हैरान रह गए.
इसके बाद दोनों बेटियां आस-पास के लोगों को बुलाने के लिए गई थी. तभी दयालु ने भी उसी फंदे पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. दोनों लड़कियां जब वापस पहुंची तो उन्होंने भाई को भी उसे फंदे पर लटका हुआ देखा. ये देखकर दोनों बहनें जोर-जोर से रोने लगी. एक ने तो अपने आप को कमर में ही बंद कर लिया. वहीं आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए थे. जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
बाद में पंचराम की पत्नी भी घर पहुंची. फिर किसी तरह से कमरे में बंद बेटी को बाहर निकाला गया. वह भी फांसी लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश कर रही थी. शुक्रवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है.
