किराना दुकान में चोरी का खुलासा: दो नाबालिगों ने दीवार तोड़कर दुकान में की थी चोरी, टीवी, नगदी व सिगरेट बरामद
राजनांदगांव- पुलिस ने ग्राम तुमडीबोड़ स्थित घनश्याम किराना स्टोर्स में हुई चोरी का त्वरित खुलासा कर लिया है. इस वारदात को दो ‘विधि से संघर्षरत बालकों’ (नाबालिगों) ने अंजाम दिया था. पुलिस ने दोनों को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से अभिरक्षा में लेकर उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया है. पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, घटना 4 और 5 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात ग्राम तुमड़ीबोड़ स्थित घनश्याम किराना स्टोर्स में अज्ञात चोरों द्वारा रात्रि में छत के रास्ते दीवाल की ईंट तोडकर दुकान अंदर प्रवेश कर करीब 36,000/- की नगदी रकम एवं सिगरेट, गुटखा, टीवी व अन्य सामग्री चोरी की गई तथा दुकान में लगे कैमरों में तोड़फोड़ की गई, जिस पर प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी तुमडीबोड़ में धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई.
विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया. पूछताछ में घटना स्वीकार करने पर उनके बताए स्थानों से एक टीवी, नगदी रकम एवं सिगरेट के डिब्बे बरामद कर जप्त किए गए. दोनों को नियमानुसार संरक्षणात्मक अभिरक्षा में लेकर माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से बाल सम्प्रेक्षण गृह भेजा गया.
