छत्तीसगढ़ में मखाना उत्पादन की संभावनाओं पर होगा मंथन, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों के किसान भी लेंगे हिस्सा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मखाना उत्पादन और इसकी खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 26 एवं 27 नवंबर को राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड तथा छत्तीसगढ़ शासन के उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी संचालनालय के संयुक्त तत्वावधान में यह दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित होगी.
कार्यशाला का आयोजन कृषि महाविद्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में किया जाएगा.इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 250 से 300 किसान एवं महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य शामिल होंगे। इसके अलावा मध्यप्रदेश के 27,उत्तरप्रदेश के 22 तथा ओडिशा के किसान भी कार्यशाला में भाग लेंगे.
कार्यशाला में बागवानी, मत्स्य, कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे.इस राष्ट्रीय कार्यशाला के माध्यम से मखाना उत्पादन से जुड़े किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों और कृषि विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा. इससे मखाना खेती की संभावनाओं, कृषि गतिविधियों और संबंधित विभागों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा का अवसर मिलेगा.
