कुलबीर बोले– मां काली, भगवान गणेश और भैरव बाबा की प्रतिमाओं के साथ हुआ अपमानजनक व्यवहार, करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को पहुंची ठेस; महापौर के पुराने बयान पर भी उठाए सवाल
राजनांदगांव मां काली, भगवान गणेश और भैरव बाबा की प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए नगर निगम के अनुपयुक्त वाहन (काउकेचर) में ले जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है. इस मामले को लेकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने भाजपा के नगर निगम सत्ता पक्ष पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की लापरवाही और सत्ता के अहंकार के चलते करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है.21 नवंबर को आयोजित प्रेसवार्ता में कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि मां आदिशक्ति जगदम्बा काली, भगवान गणेश और भैरव बाबा की प्रतिमाओं को जिस गंदे और अनुपयुक्त वाहन (काउकेचर) से विसर्जन के लिए ले जाया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है.धार्मिक आयोजनों में प्रतिमाओं की स्थापना से लेकर पूजा-अर्चना और विसर्जन तक हर प्रक्रिया में मर्यादा, स्वच्छता और सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए. लेकिन नगर निगम के जिम्मेदारों ने इन धार्मिक परंपराओं और श्रद्धालुओं की भावनाओं की अनदेखी की.
छाबड़ा ने कहा कि लाखों-करोड़ों श्रद्धालु देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना करते हैं, उपवास रखते हैं और पूरी श्रद्धा के साथ अपनी आस्था व्यक्त करते हैं. ऐसे में उनकी प्रतिमाओं को अनुपयुक्त वाहन से ले जाना सीधे तौर पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है.उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस अधिकारी या जनप्रतिनिधि के निर्देश पर 13 नवंबर को रात 9 बजे एक समिति को यह वाहन उपलब्ध कराया गया? क्या इसके लिए नगर निगम की सामान्य सभा या मेयर-इन-काउंसिल में कोई निर्णय लिया गया था?
महापौर के पुराने बयान को लेकर दी चुनौती
कुलबीर सिंह छाबड़ा ने महापौर मधुसूदन यादव के पुराने बयान को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा नगर निगम पर धार्मिक आस्थाओं को चोट पहुंचाने का आरोप लगाए जाने पर महापौर ने कथित तौर पर कहा था कि यदि ऐसा साबित हुआ तो वे राजनीति छोड़ देंगे. छाबड़ा ने दावा किया कि 13 नवंबर को मां काली, भगवान गणेश और भैरव बाबा की प्रतिमाओं को काउकेचर में ले जाने का प्रमाण सामने है. अब महापौर को अपने बयान पर जवाब देना चाहिए कि क्या वे अपनी बात पर कायम रहेंगे या अपने बयान के लिए माफी मांगेंगे?
भाजपा नेताओं और निगम प्रशासन की भूमिका पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि नगर निगम के वाहन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और महापौर मधुसूदन यादव की तस्वीरें लगी हैं.उन्होंने निगम प्रशासन पर सत्ताधारी नेताओं के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस पूरे मामले की जिम्मेदारी केवल वाहन चालक पर डालकर बड़े अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बचाया नहीं जाना चाहिए.उन्होंने कहा कि महापौर और निगम आयुक्त को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किसके आदेश पर रात के समय वाहन उपलब्ध कराया गया.इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिन अधिकारियों अथवा जनप्रतिनिधियों की भूमिका सामने आए, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
नई गाड़ियों से हो प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था
छाबड़ा ने मांग की कि राजनांदगांव शहर में विभिन्न समितियों द्वारा स्थापित देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नगर निगम नए और उपयुक्त वाहन खरीदे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. उन्होंने विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, हिंदू जागरण मंच और दुर्गावाहिनी से भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाने की अपील की.प्रेसवार्ता में महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष शारदा तिवारी, संभागीय प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिंटू और पूर्व नगर निगम अध्यक्ष रमेश डाकलिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
