धोखाधड़ी: प्योर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों का फ्रॉड, 2 महिलाओं से ऐंठे 82.50 लाख, आरोपी कैलाश सेठी गिरफ्तार
राजनांदगांव- ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर दो महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी कैलाश सेठी (37 वर्ष) को डोंगरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ थाना डोंगरगढ़ में BNS की धारा 318(4) एवं 238 के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
कंपनी ‘प्योर ट्रेडिंग’ के नाम पर दिया झांसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया प्रतिमा पाल, पति वीरेंद्र पाल, उम्र 45 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 21, रेस्ट हाउस डोंगरगढ़ द्वारा लिखित आवेदन पर रिपोर्ट दर्ज की गई. आरोपी द्वारा प्रार्थिया को अपनी “प्योर ट्रेडिंग” नामक कंपनी में पैसा निवेश करने पर अच्छा मुनाफा होने का विश्वास दिलाकर दिनांक 30-05-2023 से 04-05-2025 के मध्य ऑनलाइन एवं नगद राशि प्राप्त की गई. प्रार्थिया द्वारा कुल 27,50,000/- आरोपी को दिए गए, जिसमें से लगभग 19,00,000/- वापस किए गए तथा शेष 8,50,000/- वापस नहीं किए गए. बार-बार राशि वापस मांगने के बावजूद आरोपी द्वारा राशि वापस नहीं की गई. रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 413/2026, धारा 318(4), 238 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
प्रार्थिया नमिता चौबे, पति शैलेन्द्र चौबे, उम्र 42 वर्ष, निवासी न्यू सब्जी मंडी, नियर बी.ओ. ऑफिस, गोलबाजार, डोंगरगढ़ के द्वारा लिखित आवेदन पर रिपोर्ट दर्ज की गई. आरोपी द्वारा प्रार्थिया को अपनी “प्योर ट्रेडिंग” नामक कंपनी में पैसा निवेश करने पर अच्छा मुनाफा होने का विश्वास दिलाकर दिनांक 07-02-2023 से 07-05-2025 के मध्य ऑनलाइन एवं नगद राशि प्राप्त की गई. प्रार्थिया द्वारा कुल 55,00,000/- आरोपी को दिए गए, जिसमें से लगभग 26,80,000/- वापस किए गए तथा शेष 28,20,000/- वापस नहीं किए गए. बार-बार राशि वापस मांगने के बावजूद आरोपी द्वारा राशि वापस नहीं की गई. रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 414/2026, धारा 318(4), 238 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
पुलिस की कार्रवाई
दोनों प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रकरण की विवेचना की गई. विवेचना के दौरान आरोपी कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर अधिक लाभ कमाने का प्रलोभन देकर धोखाधड़ी करने के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी कैलाश सेठी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.
गिरफ्तार आरोपी
कैलाश सेठी पिता बिगनेश्वर सेठी, उम्र 37 वर्ष, निवासी क्वाटर नंबर 09, स्टेट 33, सेक्टर-10, वर्तमान पता मीनाक्षी नगर, चंद्राकर भवन के पास, दुर्ग, जिला दुर्ग (छ.ग.).
